
शाहगंज, जौनपुर। क्षेत्र के उसरहटा आजाद स्थित मिर्ज़ा अनवर बेग इण्टर कालेज में शनिवार को संस्थापक स्व. मिर्ज़ा अनवर बेग की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। मुस्लिम छात्रों और शिक्षकों ने संस्थापक द्वारा बनाई गई मस्जिद कूव्वतुल इस्लाम में कुरानखानी के बाद दुआखानी करके उनकी मगफिरत के लिए दुआ मांगी, वहीं हिन्दू धर्म के छात्रों और शिक्षकों द्वारा विद्यालय में शांति पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुफ्ती आदिल ने स्व. बेग साहब का जीवन परिचय देते हुए उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह दृढ़ निश्चयी, साहसी और समाजसेवी रहे। तालीम के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए काम को लोग सदैव याद रखेंगे। कार्यक्रम को मौलाना तैयब, वरिष्ठ अध्यापक नागेंद्र बहादुर सिंह आदि ने भी संबोधित किया। अंत में प्रधानाचार्य नौशाद खान ने आगंतुकों का आभार प्रकट किया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक अल्तमस बरलास, सचिव मिर्ज़ा अज़फ़र बेग, न्यू डेल्ही पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य प्रभात पाठक, अब्दुल अजीज अंसारी पीजी कालेज के प्राचार्य एनपी उपाध्याय समेत सभी संस्थाओं के अध्यापक, प्राध्यापक, कर्मचारी व छात्र उपास्थि रहे।
0 Comments