Jaunpur : ठेकेदार ने सरिया से प्रहार कर अवर अभियंता को किया घायल



जफराबाद, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के वशीरपुर गांव में बीती शाम ठेकेदार ने जेई पर सरिया से हमला करके घायल कर दिया। वहां मौजूद प्रोजेक्ट मैनेजर को तमंचा लगाकर मोबाइल से 5 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिया। शासन द्वारा गांव-गांव जल शक्ति मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। वसीरपुर गांव में काम चल रहा है। 
आरोप है कि देर शाम को कंपनी के जेई लवकुश सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी मचहरी थाना चिकासी जनपद हमीरपुर प्रोजेक्ट मैनेजर अतुल शर्मा पुत्र अमित शर्मा निवासी रसड़ा बलिया के साथ साइट पर पहुंच गए। वहां पर उन्होंने ठेकेदार कुंदन यादव पुत्र रामप्रवेश यादव निवासी बहादुरपुर थाना जलालपुर से पाइपलाइन का हाइड्रोटेस्ट करवाया। टेस्ट में लीकेज पाया गया। कुंदन यादव ने कहा कि लीकेज के बाद भी टेस्ट को रिलीज कर दें। तब जेई लवकुश सिंह ने कहा कि अभी नहीं करूंगा। सुबह कर दूंगा। यह कहकर वह अतुल शर्मा के साथ बाइक लेकर जाने लगे। तभी कुंदन ने वहां पड़ी सरिया से उनके ऊपर हमला कर दिया। हेलमेट के चलते सिर तो बच गया लेकिन नाक, चेहरे आदि पर गंभीर चोट आयी। 
कुंदन गांव वालों के आने के बाद भी हमला करता रहा। जेई मौके पर गिरकर बेहोश हो गए। उसके बाद कुंदन यादव के अपने साथी का तमंचा दिखाकर प्रोजेक्ट मैनेजर अतुल शर्मा के मोबाइल से गूगल पे पर हजारों रुपये ट्रांसफर करवा लिया। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग गए। पीड़ित थाने पर गए जहां उनकी तहरीर पर कुंदन यादव तथा एक अज्ञात पर गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी कुंदन यादव को अहमदपुर क्रासिंग के पास गिरफ्तार कर लिया गया है।

Post a Comment

0 Comments