Jaunpur : तालाब के पट्टे को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


रामपुर, जौनपुर। ब्लॉक क्षेत्र के घाघरपुर गांव के ग्रामीणों ने हल्का लेखपाल संदीप मौर्य पर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि लेखपाल द्वारा गलत रिपोर्ट दर्ज करने के कारण गांव में स्थित तालाब का पट्टा एक व्यक्ति को मत्स्य पालन के लिए दिया गया। तालाब के आसपास स्थित शिव और राधा कृष्ण मंदिरों से जुड़ी आस्था से नाराज ग्रामीणों ने लेखपाल के खिलाफ जमकर नारे लगाए और एक घंटे तक प्रदर्शन किया। घाघरपुर के ग्रामीणों का आरोप था कि गांव के आराजी संख्या 21 में स्थित तालाब, जो शिव और राधा कृष्ण मंदिरों के पास है। इसका गांववासियों के लिए विशेष महत्व है। यह तालाब न सिर्फ गांव के लोगों के पूजा-पाठ का स्थल है, बल्कि फसलों की सिंचाई का भी एक प्रमुख साधन है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की लड़कियां इस तालाब में सावन के महीने में जरई डूबाती थीं और तालाब के आसपास सिंचाई के लिए पानी लिया जाता था। ग्रामीणों ने लेखपाल पर आरोप और विरोध प्रदर्शन ग्रामीणों का कहना था कि हल्का लेखपाल संदीप मौर्य ने इस तालाब के बारे में गलत रिपोर्ट लगाई, जिसके बाद उक्त तालाब का पट्टा गांव के एक व्यक्ति को मत्स्य पालन के लिए मिल गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने लेखपाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के मुताबिक लेखपाल की मनमानी से उनके धार्मिक स्थल और सिंचाई का स्रोत प्रभावित हो गया है। प्रदर्शन के दौरान, गांव के कुछ संभ्रांत व्यक्तियों ने आकर ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ। प्रदर्शनकारियों में मखचू राजभर, मुन्ना राजभर, पिंटू, सोनू राजभर, सूरज राजभर सहित कई अन्य ग्रामीण शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments